महाकाल मंदिर के कारण मध्यप्रदेश की विश्व में पहचान:- कमलनाथ

महाकाल मंदिर के कारण मध्यप्रदेश की विश्व में पहचान:- कमलनाथ

उज्जैन:-  भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 300 करोड़ की योजना शुरु होगी। महाकाल मंदिर के विस्तार और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए मंत्रिमंडल के सदस्य मंत्रियों की एक त्रिस्तरीय सदस्य समिति गठित होगी। इसके साथ ही महाकाल मंदिर के अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव भी केबिनेट में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की अध्यक्षता में यह निर्देश आज मंत्रालय में भगवान महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार और सुविधाओं के विस्तार पर हुई बैठक में दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना समय-सीमा आधारित हो जिसमें काम शुरु होने से लेकर उसके पूरे होने तक का समय निर्धारित हो। श्री नाथ ने कहा कि इसकी मॉनिटरिंग मुख्य सचिव करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने बैठक में कहा कि भगवान महाकाल के कारण पूरे विश्व में मध्यप्रदेश की पहचान है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के इस केन्द्र का सुनियोजित विकास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सिर्फ दर्शन करने के लिए नहीं आए बल्कि उज्जैन में ऐसी व्यवस्थाएँ हो जिसके कारण वह एक-दो दिन रूके इसमें महाकाल मंदिर से जुड़ी पौराणिक गाथाएं तथा अन्य आकर्षण शामिल है। इससे उज्जैन शहर और यहाँ के रहवासियों का भी विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तार और व्यवस्था में सुधार के दौरान महाकाल मंदिर में मूल ढांचे के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने
महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की सुध ली

बैठक में महाकाल मंदिर के पुजारी श्री आशीष पुजारी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने महाकाल मंदिर के विकास और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए मंत्रालय में बैठक की है। उन्होंने इसके लिए पुजारियों और श्रद्धालुओं की ओर से मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ को धन्यवाद दिया। महाकाल मंदिर के पुजारियों ने मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया और उन्हें भगवान महाकाल का प्रसाद दिया। बैठक में लोक निर्माण एवं उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा, आध्यात्म एवं जनसंपर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, नगरीय विकास मंत्री श्री जयवर्धन सिंह उज्जैन जिले के विधायक श्री दिलीप गुर्जर, श्री महेश परमार, श्री मुरली मोरवाल, महाकाल प्रबंधन समिति के सदस्य श्री आशीष पुजारी श्री विजय शंकर एवं श्री दीपक मित्तल उपस्थित थे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )