शहर की हर गतिविधि पर है पुलिस की नजर है:- संभागीय आयुक्त

शहर की हर गतिविधि पर है पुलिस की नजर है:- संभागीय आयुक्त

ग्वालियर:-  पूरे शहर की गतिविधियों पर सतत निगरानी कर रहा है पुलिस कंट्रोल रूम । ग्वालियर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस विभाग द्वारा स्थापित किए गए 469 कैमरों के माध्यम से निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। शहर की हर गतिविधि पर पुलिस की नजर है । संभागीय आयुक्त श्री एम बी ओझा ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन ने यह जानकारी दी। अवलोकन के समय कलेक्टर श्री अनुराग चाधरी, एडीएम श्री टी एन सिंह भी उपस्थित थे।


पुलिस कंट्रोल रूम के अवलोकन के समय संभागीय आयुक्त श्री एम बी ओझा ने कंट्रोल रूम में स्थापित मॉनीटरिंग सिस्टम का अवलोकन किया। इसके साथ ही कम्प्यूटर प्रशिक्षण ले रहे पुलिस कर्मियों से भी चर्चा की। संभाग आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक से शहर की यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था की मॉनीटरिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन ने बताया कि ग्वालियर शहर में लगभग 469 कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कानून व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन के लिए भी पुख्ता निगरानी के साथ ही ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध ई-चालान की प्रभावी कार्रवाई पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है। लगभग 100 लोगों के ई-चालान की कार्रवाई प्रतिदिन पुलिस विभाग द्वारा की जा रही है।


पुलिस अधीक्षक श्री भसीन ने बताया कि नगर निगम के माध्यम से भी शहर में अन्य स्थानों पर कैमरे स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। कंट्रोल रूम में अतिरिक्त इलेक्ट्रोनिक वॉल स्थापित कर निगम द्वारा स्थापित किए जा रहे कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था भी प्रारंभ की जायेगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )