कर्मचारी परामर्श दात्री समिति की बैठक सम्पन्न

कर्मचारी परामर्श दात्री समिति की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर:- कलेक्टर श्री भरत यादव ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी विभागों के अधिकारी यह देखें कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण समय पर किया जाए। कर्मचारियों को समय-समय पर मिलने वाले लाभ एवं सुविधायें उन्हें प्रदान की जाएं। अगली बैठक में इसकी समीक्षा भी की जायेगी कि कर्मचारियों से संबंधित जो भी मामले लंबित हैं, उन पर क्या कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि एक टीम की तरह कार्य करना है। किसी भी कार्य को करने के लिए कर्मचारियों का विशेष योगदान रहता है। इसलिए उनकी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए।
गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कर्मचारी परामर्श दात्री समिति की बैठक हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव, विभिन्न कर्मचारी संघों के पदाधिकारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए। जिन पर कलेक्टर श्री भरत यादव ने कहा है कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण समय पर किया जायेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन भत्ते, क्रमोन्नति, समयमान, वेतनमान आदि समय पर दिए जाएं। कार्यालयों में बैठने का स्थान निश्चित किया जाए। कर्मचारियों को डुप्लीकेट सेवा पुस्तिका प्रदान की जाए। उन्होंने कहा बैठक में जो भी मुद्दे आए हैं उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर काम करें। अनियमितता दिखने पर कार्रवाई की जायेगी। सभी अधिकारी इसे तत्परता से करें।
कलेक्टर श्री भरत यादव ने कहा है कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण हम समय पर कर पाते हैं तब कर्मचारी भी अपना काम पूरी निष्ठा से करते हैं, उन्हें प्रोत्साहन मिलता है। परंतु यह भी महत्वपूर्ण है कि कर्मचारी मेहनत व लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शिक्षकों को समय पर वेतन दिया जाए। किसी कर्मचारी की जीपीएफ की स्वीकृति त्वरित प्रदान की जाए। यदि विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सही काम नहीं करते हैं तो उन्हें नोटिस जारी करें।

इसी प्रकार प्रशिक्षु पटवारियों का वेतन न मिलने की बात सामने आने पर कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि प्रशिक्षु पटवारियों का वेतन जल्द निकाला जाए। जो भी समस्यायें आ रही हैं, उनका निराकरण करके इसी माह सभी का वेतन निकाला जाए। उन्होंने कहा कि तहसीलदार का इस माह का वेतन तभी निकलेगा, जब पटवारियों का वेतन उन्हें मिल जायेगा। इसी के साथ बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )