कलेक्टर श्री भरत यादव ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का किया अवलोकन

कलेक्टर श्री भरत यादव ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का किया अवलोकन

ग्वालियर:-  ग्वालियर में चल रहे विकास कार्यों का नवागत कलेक्टर श्री भरत यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विधानसभा निर्वाचन के बाद अब विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिये विभागीय अधिकारी विशेष पहल करें और विकास कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग भी करें। कलेक्टर श्री भरत यादव ने नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा, एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा, स्मार्ट सिटी परियोजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महिप तेजस्वी, सेतु विकास निगम के कार्यपालन यंत्री श्री मोहर सिंह सहित विभागीय अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री भरत यादव ने नगर निगम आयुक्त के साथ सर्वप्रथम नगर निगम द्वारा अमृत परियोजना के तहत निर्मित किए जा रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। अमृत परियोजना के तहत जलालपुर में 159 करोड़ रूपए की लागत से 145 एमएलडी क्षमता के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का तथा 160 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण कार्य का अवलोकन किया। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण 350 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री यादव ने निर्माण एजेन्सी के अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत परियोजना के तहत वाटर ट्रीटमेंट और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य समय सीमा में किया जाए। यह दोनों ही कार्य शहर के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। शासन की योजनाओं के तहत पर्याप्त धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है। इस राशि का उपयोग कर समय-सीमा में कार्य हो, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने सागर ताल पहाडी पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे 4 हजार आवास निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण का कार्य दो वर्षों में पूर्ण किया जाना है। परियोजना के तहत कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आवास निर्माण के साथ-साथ सीवर और पानी की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। निर्माण कार्य स्थल पर कुछ क्षेत्र में विवाद की शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को तत्परता से सीमांकन कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का अवलोकन
कलेक्टर श्री भरत यादव एवं नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा ने भ्रमण के दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मोतीमहल में बनाए जा रहे कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का भी अवलोकन किया। यह कंट्रोल कमाण्ड सेंटर 30 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से बनाया जा रहा है। इस सेंटर के निर्माण में ऐतिहासिक भवन का जीर्णोद्धार कर एकीकृत कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की जा रही है। यह केन्द्र आधुनिक आईटी उपकरणों के माध्यम से शहरवासियों को सूचना प्रौद्योगिकी का लाभ देगा। डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर के रूप में भी यह कार्य करेगा। जिले के समस्त आईटी सर्विसेज को एकीकृत कर उपयोग किया जायेगा। शहर की सभी नगरीय सुविधाओं को एक ही सेंटर से देखा और नियंत्रित किया जा सकेगा।
कलेक्टर श्री भरत यादव ने स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ श्री महिप तेजस्वी को निर्देशित किया कि कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर के निर्माण का कार्य तेजी के साथ किया जाए। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्य कार्यों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )