
मंत्री ने लगाई कड़ी फटकार, भारत टॉकीज के आर ओ बी के निरीक्षण के दौरान।
भोपाल:- चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आज भारत टॉकीज आरओबी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सारंग ने आरओबी के नीचे गोदाम में संचालित अवैध दुकानों के बंद न होने को लेकर पी.डब्लू.डी. के सेतु विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मंत्री श्री सारंग ने गोदाम को तत्काल बंद करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरओबी के नीचे गोदाम में फर्नीचर और वेल्डिंग की अवैध दुकानों में तोड़फोड़ का कार्य होने से आरओबी की आयु पर विपरित असर होता है। श्री सारंग ने बताया कि वर्ष 1973 में निर्मित भारत टॉकीज आरओबी पुराने और नए भोपाल को मेन स्टेशन से जोड़ने का महत्वपूर्ण सेतु है। आरओबी से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। लगभग 49 साल पुराने ब्रिज के पीयर्स और स्लेब के बीच मौजूद बियरिंग खराब हो जाने से बड़ी दुर्घटना की आशंका बन रही थी। इसीलिए आरओबी की मरम्मत के लिए योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज की लंबाई 700 मीटर पर पूर्व में किया गया डामर 20 नवंबर तक पूरी तरह से हटाया जायेगा। इसके बाद आरओबी के सभी 144 बियरिंग बदले जायेंगे। इस मरम्मत कार्य के पूरा होने से आरओबी की आयु लगभग 25 साल और बढ़ जायेगी। कार्य को पूर्ण होने में लगभग डेढ़ माह का समय लगेगा।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि पुल के स्लैब को लिफ्ट करने एवं बियरिंग बदलने की प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व ट्रेफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री सारंग ने आरओबी के नीचे असामाजिक तत्वों की गतिविधि होने पर बजरिया थाना प्रभारी के समक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए असामाजिक तत्वों पर शीघ्र कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।