
मुरैना में इतिहास लिखा गया, लोकतंत्र के नायक की प्रतिमा का अनावरण!
ग्वालियर:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही मुरैना में नया इतिहास लिखा गया है। स्व. वाजपेयी राजनीति के मर्मज्ञ थे, वे सदैव सच्चाई के लिए जिये। वे पूरे भारत को अपना परिवार मानने वाले विराट हृदय व्यक्तित्व थे। स्व. वाजपेयी लोकतांत्रिक परम्पराओं का पालन करने वाले कालजयी महापुरूष थे। उनकी सहजता, सरलता, विन्रमता और उनके जीवन मूल्य हमें आज भी जीना सिखाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुरैना में अटल जी की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह को नहीं देखा, पर अटल जी को करीब से देखा है। उन्हें शत-शत नमन है। देश को लोकतंत्र का एक नायक अटल जी के रूप में मिला। कोई नेता पक्ष में हो या विपक्ष में, एक जैसी भाषा बोले, ये हमने अटल जी के व्यक्तित्व में ही देखा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया था। अटल जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने 50 साल तक विपक्ष में बैठकर लोकतंत्र और संसदीय परम्पराओं को सशक्त करने का अभूतपूर्व कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी ने अपनी कविता में कहा था कि “क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो भी मिला, ये भी सही और वो भी सही।” स्व. वाजपेयी के योगदान को हमारा देश कभी नहीं भूल पाएगा। पावर्ती-कालीसिंध-चंबल और केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना उन्हीं की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनकी सोच को हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने क्रियान्वित किया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने 70 हजार करोड़ रूपए की नदी जोड़ो परियोजना से मध्यप्रदेश में जल संग्रहण का एक नया अभियान शुरू किया है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मुरैना आगमन यहां के विकास में चार चांद लगाएगा। स्व. वाजपेयी की प्रतिमा जनसेवा में लगे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा देगी। अटल जी ने अपने कार्यों से देश के करोड़ों लोगों के हृदय में स्थान बनाया था। वे हमेशा कहा करते थे कि सत्ता पाना नहीं, वरन् शक्तिशाली, समृद्ध, समर्थ और विकसित भारत का निर्माण ही हमारी मंजिल होना चाहिए। ऐसा भारत जिसमें समरसता हो, यह उनका लक्ष्य था। हर दल के नेताओं को अटल जी के विचारों को समझना और पढ़ना चाहिए। जो अटल जी से प्रेरणा लेगा, वो जीवन पथ में बहुत आगे जाएगा। श्री तोमर ने कहा कि वे स्वयं राजनीति में अटल जी को अपना आदर्श मानते हैं।
खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि चंबल की माटी के सपूत भारत रत्न स्व. अटल विहारी वाजपेयी की प्रतिमा का आज अनावरण हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हमारे मुख्यमंत्री डॉ. यादव अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश को विकास की दिशा में लेकर आगे बढ़ रहे हैं। अटल जी देश के एक मात्र ऐसे नेता थे, जिन्हें हर दल में स्वीकार्यता प्राप्त थी। गांव-गांव को सड़क और नदियों को जोड़ने का सपना अटल जी ने देखा था। आज अटल जी का स्वप्न पूरा होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने उत्तरप्रदेश और राजस्थान के साथ नदियों को जोड़ने के मिशन के साथ जल संरक्षण से जुड़े कई उल्लेखनीय निर्णय लिए हैं।