वन्य प्राणियों के अंगों सहित तेंदूआ का शिकार करने वाले गिरफ्तार।
भोपाल:- स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स भोपाल एवं टाइगर स्ट्राइक फोर्स होशंगाबाद के संयुक्त प्रयास से वन्य प्राणी तेंदूए का शिकार करने वाले 2 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। उप वन संरक्षक (वन्य प्राणी) रजनीश सिंह ने बताया कि विदिशा जिले के ग्राम भरवाखेडा के पास कुछ व्यक्ति वन्य प्राणी के अवयवों को बेचने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही कर आरोपी बागरूनाथ निवासी सिरोंज और मोहन सिंह निवासी आरोन (गुना) को गिरफ्तार कर इनके पास से तेंदुए की एक खाल, पंजे 3 नग, वन्य प्राणी जंगली सुअर के 4 दांत बरामद किए गए। आरोपियों के पास से दो पहिया वाहन और 2 मोबाईल भी जब्त किए गए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर वन्य प्राणी तेंदुएं जंगली सुअर के शिकार में प्रयुक्त लोहे के फंदे 2 नग, बल्लम 3, सब्बल 3, वन्य प्राणी सेही के कांटे 28 नग और सुअर के मांस को उनके घर से जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने तेंदुए का शिकार कर उसकी खाल निकाल कर शव को सिरोंज के जंगल में छिपा दिया था। आरोपीयों की निशानदेही पर स्नीफर डॉग स्क्वाड की मदद से यह बरामदी की गई है।